साधना एक्सप्रेस भोपाल। सामाजिक संगठन हिंदू दर्पण द्वारा आयोजित मेधावी छात्र-छात्रा अभिनंदन समारोह में इस वर्ष 500 से अधिक विद्यार्थियों का सम्मान किया गया। कार्यक्रम का आयोजन स्टेशन क्षेत्र स्थित शासकीय विद्यालय प्रांगण में हुआ, जिसमें प्रदेश के कई गणमान्य अतिथि, शिक्षाविद् और समाजसेवी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

समारोह के मुख्य अतिथि मध्यप्रदेश शासन के सहकारिता एवं खेल-युवा कल्याण मंत्री श्री विश्वास सारंग रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में पंडित गिरीश शर्मा (जिला उपाध्यक्ष, भाजपा), संगठन महासचिव अश्विनी चौबे, राजेंद्र शर्मा (मंडल अध्यक्ष, वेस्ट सेंट्रल रेलवे), भोज मुक्त विश्वविद्यालय के डायरेक्टर एल. पी. झरिया और विद्वान योगेंद्र शास्त्री मंच पर उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला शिक्षा अधिकारी नरेंद्र कुमार अहिरवार ने की, जबकि मुख्य वक्ता के रूप में पंडित रमेश शर्मा ने विद्यार्थियों को संबोधित किया।

इस अवसर पर 18 विद्यालयों के प्राचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाएँ और छात्र-छात्राएँ बड़ी संख्या में शामिल हुए। कार्यक्रम प्रभारी के. डी. श्रीवास्तव तथा सह-प्रभारी सुरेश कुमार खंडेकर (प्राचार्य, शा. बालक उच्च माध्यमिक विद्यालय, स्टेशन क्षेत्र) ने पूरे आयोजन का सफल संचालन किया।

संगठन के संयोजक सुखेंद्र मिश्रा ने बताया कि हिंदू दर्पण पिछले 11 वर्षों से लगातार मेधावी छात्र-छात्राओं का सम्मान करता आ रहा है। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही समाज और राष्ट्र की प्रगति की आधारशिला है। विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनका मनोबल बढ़ाना संगठन का प्रमुख उद्देश्य है।

कार्यक्रम में वक्ताओं ने छात्रों को जीवन में परिश्रम, अनुशासन और नैतिक मूल्यों को अपनाने की प्रेरणा दी। मुख्य अतिथि विश्वास सारंग ने कहा कि समाज और परिवार की जिम्मेदारी है कि वे बच्चों को बेहतर शिक्षा और संस्कार दें। उन्होंने मेधावी छात्र-छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि यह विद्यार्थी आगे चलकर प्रदेश और देश का नाम रोशन करेंगे।

समारोह में संगठन के पदाधिकारी, वरिष्ठजन, सहयोगी गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में अभिभावक भी मौजूद रहे। अंत में सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया गया।