सेवानिवृत्ति से पहले मिला सम्मान, वर्षों की ईमानदारी का पुरस्कार
साधना एक्सप्रेस भोपाल| मध्यप्रदेश शासन द्वारा विकास आयुक्त कार्यालय, भोपाल में पदस्थ श्री ददन प्रसाद पांडेय को वर्ग-3 से वर्ग-2 पद पर पदोन्नत किया गया है। आगामी 31 अगस्त को सेवानिवृत्त होने जा रहे श्री पांडेय को सेवा के अंतिम चरण में मिली यह पदोन्नति उनके लिए सम्मान और संतोष का विषय बन गई है।
गौरतलब है कि यह पदोन्नति केवल श्री पांडेय तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रदेश के विभिन्न विभागों में कार्यरत पात्र अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भी पदोन्नति का लाभ प्रदान किया गया है। न्यायालयीन प्रक्रिया में स्पष्टता आने और मध्यप्रदेश शासन द्वारा आवश्यक निर्णय लिए जाने के बाद लंबे समय से लंबित पदोन्नति प्रक्रिया को गति मिली, जिससे बड़ी संख्या में कर्मचारियों को लाभ प्राप्त हुआ है।
इसी क्रम में विकास आयुक्त कार्यालय में कार्यरत श्री ददन प्रसाद पांडेय को भी वर्ग-2 पद पर पदोन्नत किया गया। उन्होंने अपने शासकीय सेवाकाल में विभिन्न दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी और कर्तव्यपरायणता के साथ किया है। सहकर्मियों के बीच उनकी पहचान एक कर्मठ एवं अनुशासित कर्मचारी के रूप में रही है।
सेवानिवृत्ति से ठीक पहले मिली यह पदोन्नति उनके परिवार के लिए विशेष महत्व रखती है। परिवारजनों का कहना है कि यह उपलब्धि उनके वर्षों के परिश्रम, समर्पण और निष्कलंक सेवाओं का सम्मान है। वहीं कार्यालय के कर्मचारियों ने भी पदोन्नति आदेश जारी होने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए शासन के निर्णय का स्वागत किया है।
पदोन्नति की सूचना मिलते ही परिवार, मित्रों, सहकर्मियों एवं शुभचिंतकों में हर्ष का माहौल है। सभी ने श्री पांडेय को शुभकामनाएं देते हुए उनके स्वस्थ, सुखद और सम्मानपूर्ण जीवन की कामना की है।
श्री ददन प्रसाद पांडेय की यह पदोन्नति न केवल उनके सेवाकाल की महत्वपूर्ण उपलब्धि है, बल्कि यह उन सभी कर्मचारियों के लिए भी प्रेरणादायी है जिन्हें शासन के निर्णय के बाद पदोन्नति का लाभ प्राप्त हुआ है। सेवानिवृत्ति से पूर्व मिला यह सम्मान उनके लंबे और समर्पित सेवाकाल की एक यादगार उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है।

सिक्किम सुरंग हादसे में बढ़ा मौत का आंकड़ा, फंसे मजदूरों तक पहुंचना चुनौती
छात्र कम, बाहरी ज्यादा! प्रदर्शन में शामिल लोगों की पहचान शुरू
राशिफल 21 जुलाई 2026: जानिए आज का दिन आपके लिए कैसा रहेगा
गुरु पूर्णिमा पर प्रदेश में मनाया जाएगा महर्षि सांदीपनि श्रद्धा पर्व : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
वन प्रधान क्षेत्रों में आजीविका सशक्तिकरण की नई पहल