सिंचाई क्रांति से बदली सुरखी के किसानों की तकदीर : गोविंद सिंह राजपूत
जेरा बांध से 15 हजार एकड़ भूमि होगी सिंचित, 10 हजार किसानों को मिलेगा लाभ
खाद्य मंत्री ने किया करोड़ों के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन
भोपाल। खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने कहा कि सुरखी विधानसभा क्षेत्र विकास के मामले में प्रदेश की अग्रणी विधानसभा बन चुकी है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार का उद्देश्य केवल घोषणाएं करना नहीं, बल्कि गांव-गांव तक विकास पहुंचाना है। आज सुरखी विधानसभा क्षेत्र में सड़क, सिंचाई, बिजली, पेयजल, शिक्षा और स्वास्थ्य सहित हर क्षेत्र में ऐतिहासिक कार्य हो रहे हैं। खाद्य मंत्री श्री राजपूत ने सुरखी विधानसभा क्षेत्र के ग्राम सिंगारमुंडी, मनेशिया, ढकरई, मूड़री, सेवन, करहद में करोड़ों रुपये की लागत से निर्मित विकास कार्यों के लोकार्पण एवं नवीन निर्माण कार्यों के भूमिपूजन पर यह बात कही।
खाद्य मंत्री श्री राजपूत ने कहा कि पहले किसान वर्षा पर निर्भर रहते थे, जिससे खेती घाटे का सौदा मानी जाती थी। भाजपा सरकार ने इस स्थिति को बदलने का संकल्प लिया और आज बड़े पैमाने पर सिंचाई परियोजनाओं का विस्तार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि 3 वर्ष पहले मेरे द्वारा किये गये प्रयासों से जेरा बांध परियोजना को धरातल पर लाया गया था, जो अब पूरा होने जा रहा है, जिसकी 171 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित जेरा सिंचाई परियोजना से लगभग 23 ग्रामों की 15 हजार एकड़ भूमि सिंचित होगी, जिससे करीब 10 हजार किसान परिवारों को सीधा लाभ मिलेगा।
अब सुरखी के किसान भी पंजाब की तरह 3 फसल ले सकेंगें :
खाद्य मंत्री श्री राजपूत ने कहा कि मसुरहाई, बांसा, खाहरमउ़, देवलचैरी, ढकरई,मूड़री, करहद, महुआखेड़ाकला, सेमराकला, सेमराघोना, सेमराघाट, सेवन, सिंगारचैरी, सिंगारमुड़ी, ताजपुर, मिडवासा, तोड़ातरफदार, रीछई सहित अनेक गांवों के किसानों को वर्षभर सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी उपलब्ध होगा। इसके अलावा सुरखी विधानसभा क्षेत्र में टेहरा बांध जिसकी लागत 400 करोड़ है इससे हजारों एकड़ भूमि सिंचित होगी। मिडवासा बांध परियोजना से किसानों को और लाभ मिलेगा। सुरखी विधानसभा क्षेत्र में किसानों के लिए पर्याप्त सिंचाई व्यवस्था होगी। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि हर खेत तक पानी पहुंचे और हर किसान आर्थिक रूप से मजबूत बने। मंत्री श्री राजपूत ने कहा कि पहले संसाधनों के अभाव में किसान केवल एक फसल ले पाते थे, लेकिन अब सिंचाई सुविधाएं बढ़ने से दो और तीन फसलें ली जा रही हैं। आधुनिक कृषि तकनीकों, सिंचाई योजनाओं और सरकारी सहायता के कारण छोटे किसान भी लाखों रुपये का लाभ अर्जित कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, फसल बीमा योजना, कृषि यंत्रीकरण, उन्नत बीज, खाद उपलब्धता और सिंचाई परियोजनाओं जैसी योजनाओं ने किसानों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है। मंत्री श्री राजपूत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के नेतृत्व में किसानों को समृद्धि और आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार प्रयास किया जा रहा है। आज प्रदेश का किसान केवल खेती नहीं कर रहा, बल्कि आधुनिक संसाधनों और पर्याप्त सिंचाई सुविधाओं के कारण लाभकारी कृषि की ओर बढ़ रहा है।

सड़कों का जाल, गांव-गांव पहुंच रहा विकास :
मंत्री श्री राजपूत ने कहा कि मजबूत सड़कें किसी भी क्षेत्र के विकास की रीढ़ होती हैं। सुरखी विधानसभा में लगातार नई सड़कों का निर्माण, सीसी रोड, पुल-पुलियों और ग्रामीण संपर्क मार्गों का विस्तार किया जा रहा है, जिससे किसानों को अपनी उपज बाजार तक पहुंचाने में आसानी हो रही है। 650 करोड़ के जैसीनगर पहुंच मार्ग से हजारों लोगों को आवागमन का लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि सड़क, बिजली और पानी जैसी मूलभूत सुविधाओं के विकास से गांवों की तस्वीर बदल रही है तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई गति मिल रही है।
भाजपा सरकार किसानों के साथ खड़ी है :
मंत्री श्री राजपूत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार किसानों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। किसानों को सिंचाई, खाद-बीज, कृषि उपकरण, फसल सुरक्षा, समर्थन मूल्य और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पारदर्शी तरीके से उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार का संकल्प है कि किसान समृद्ध होगा तो गांव समृद्ध होगा, गांव समृद्ध होगा तो प्रदेश और देश भी विकास की नई ऊंचाइयों पर पहुंचेगा।
सुरखी बनेगी विकास का आदर्श मॉडल :
अपने संबोधन के अंत में मंत्री श्री राजपूत ने कहा कि सुरखी विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों की गति आगे भी इसी प्रकार जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि उनका प्रयास है कि विधानसभा का कोई भी गांव विकास की मुख्यधारा से वंचित न रहे। सिंचाई, सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल और रोजगार के क्षेत्र में निरंतर कार्य किए जाएंगे, जिससे सुरखी विधानसभा प्रदेश में विकास का आदर्श मॉडल बन गई है। मंत्री श्री राजपूत ने सीसी रोड, पुलिया निर्माण, जैसीनगर पहुंच मार्ग सहित अन्य विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन कर क्षेत्रवासियों को विकास की सौगात दी।

राशिफल 25 जुलाई 2026: जानिए आज का दिन आपके लिए कैसा रहेगा
तेंदूपत्ता संग्राहकों के सामाजिक-आर्थिक सशक्तिकरण की ओर छत्तीसगढ़
सी.एम. हेल्पलाइन की शिकायत का त्वरित समाधानः सौर सुजला योजना का सोलर पंप चालू होने से लौटी किसान के खेतों की रौनक
तकनीक, समन्वय और प्रशिक्षित पुलिस बल के दम पर होगा सुरक्षित एवं व्यवस्थित सिंहस्थ-2028 - डीजीपी कैलाश मकवाणा
प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना से होमेश्वर प्रसाद जायसवाल को मिली राहत, शून्य हुआ बिजली बिल
बिलासपुर संभागायुक्त ने निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज का किया निरीक्षण
युवाओं के लिए मध्यप्रदेश के 4 महानगरों में प्रारंभ होंगे फास्ट ट्रैक कोर्ट : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना: सृष्टि को घर के बिजली बिल में मिली बड़ी राहत
मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076: सीसी रोड बनने से ग्रामीणों को मिली राहत
गुणवत्ता, समयबद्धता और जवाबदेही से पूर्ण हों सभी सेतु निर्माण परियोजनाएं : लोक निर्माण मंत्री सिंह