एसपी गुरुकरण सिंह ने आमजन से की सहयोग की अपील, वृक्षारोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

रीवा। जिले के सिरमौर अंतर्गत उमरी स्थित शर्मा मैरिज गार्डन में साइबर अपराध, महिला सुरक्षा, नशा मुक्ति एवं पर्यावरण संरक्षण को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में रीवा पुलिस अधीक्षक गुरुकरण सिंह, सिरमौर थाना प्रभारी, साइबर प्रभारी वीरेंद्र पटेल, निरीक्षक रक्षित, उप निरीक्षक दिलीप तिवारी एवं गौरव मिश्रा उपस्थित रहे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एसपी गुरुकरण सिंह ने कहा कि वर्तमान समय में साइबर अपराध तेजी से बढ़ रहे हैं। उन्होंने लोगों को ऑनलाइन ठगी से बचने के लिए ओटीपी, बैंक खाते की जानकारी, पासवर्ड एवं अन्य गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करने की सलाह दी तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की।

साइबर प्रभारी वीरेंद्र पटेल ने साइबर अपराध के विभिन्न तरीकों की जानकारी देते हुए बताया कि जागरूकता ही इस प्रकार के अपराधों से बचाव का सबसे प्रभावी माध्यम है। वहीं महिला सुरक्षा से जुड़े कानूनों एवं हेल्पलाइन की जानकारी भी लोगों को दी गई।

कार्यक्रम में जिले में बढ़ते नशे के कारोबार पर भी गंभीर चिंता व्यक्त की गई। एसपी ने कहा कि नशे के विरुद्ध अभियान को सफल बनाने के लिए समाज के प्रत्येक नागरिक की भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने आमजन से अपील की कि यदि कहीं भी मादक पदार्थों की बिक्री या अवैध गतिविधियों की जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस को सूचित करें।

कार्यक्रम के अंत में पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए शर्मा मैरिज गार्डन परिसर में अधिकारियों एवं उपस्थित नागरिकों ने वृक्षारोपण किया तथा अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, युवा एवं गणमान्यजन उपस्थित रहे।