तुगलकाबाद की इमारत बनी मौत का जाल: वाहनों में लगी आग से फैला धुआं, तीन लोगों की मौत
नई दिल्ली। दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के तुगलकाबाद क्षेत्र में शुक्रवार तड़के एक बहुमंजिला आवासीय इमारत में भीषण आग लग गई। इस हादसे में तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि पांच महिलाएं गंभीर रूप से झुलस गईं। घटना की सूचना मिलते ही दमकल कर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए एक चुनौतीपूर्ण बचाव अभियान चलाया और इमारत में फंसे आठ लोगों को बाहर निकालकर तुरंत नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया।
दिल्ली अग्निशमन सेवा (डीएफएस) को रात लगभग 2:25 बजे तुगलकाबाद की गली नंबर-1 स्थित नया तारा अपार्टमेंट के पास एक रिहायशी मकान में आग लगने की जानकारी मिली थी। आपातकालीन सूचना पर दमकल की कई गाड़ियों को तुरंत घटना स्थल के लिए रवाना किया गया। शुरुआती जांच से संकेत मिले हैं कि आग सबसे पहले मकान के ग्राउंड फ्लोर पर खड़ी गाड़ियों में लगी थी, जिसके बाद जहरीला धुआं तेजी से ऊपर की मंजिलों की तरफ फैल गया और लोग अंदर ही फंस कर रह गए।
संकरी गली के कारण बचाव कार्य में आई बाधा
दमकल विभाग के मुताबिक, यह हादसा जिस इमारत में हुआ वह ग्राउंड प्लस पांच मंजिला है। संकरी गली में स्थित होने की वजह से दकमल वाहनों और राहत कर्मियों को वहां तक पहुंचने तथा बचाव कार्य शुरू करने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। इन तमाम चुनौतियों के बावजूद दमकल जवानों ने बिना वक्त गंवाए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया और सुबह होने तक सभी आठ पीड़ितों को सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया।
कड़े प्रयास के बाद आग पर पाया गया काबू
अग्निशमन अधिकारियों ने बताया कि दमकल कर्मियों की कड़ी मशक्कत के बाद सुबह 3:45 बजे तक आग पर नियंत्रण पा लिया गया था, जबकि सुबह 4:00 बजे तक इसे पूरी तरह से शांत कर दिया गया। आग बुझने के बाद भी एहतियात के तौर पर इमारत के भीतर फंसे अन्य संभावित लोगों की तलाश के लिए सर्च और रेस्क्यू ऑपरेशन काफी देर तक जारी रखा गया।
अस्पताल में इलाज के दौरान तीन ने तोड़ा दम
डीएफएस से मिली जानकारी के अनुसार, बचाए गए लोगों में से पांच महिलाओं को सफदरजंग अस्पताल के बर्न वार्ड में ले जाया गया। वहीं, दो महिलाओं और एक पुरुष को सीएटीएस एम्बुलेंस तथा पीसीआर के जरिए एम्स ट्रॉमा सेंटर के बर्न एवं प्लास्टिक सर्जरी वार्ड में भर्ती कराया गया। सफदरजंग अस्पताल में डॉक्टरों ने दो महिलाओं को मृत घोषित कर दिया, जबकि वहां तीन महिलाओं का उपचार चल रहा है। दूसरी ओर, एम्स ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराए गए पुरुष ने भी इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। वहां उपचाराधीन दो अन्य महिलाओं की स्थिति भी अत्यंत नाजुक बनी हुई है। पुलिस और दमकल विभाग की टीमें संयुक्त रूप से पार्किंग एरिया में आग लगने के मुख्य कारणों का पता लगाने में जुटी हैं।

अस्पताल में सेवाएं प्रभावित, 21 कर्मचारियों की नौकरी जाने पर बढ़ा विवाद
समुद्र में शक्ति प्रदर्शन! चीन-फिलीपींस विवाद ने फिर बढ़ाया क्षेत्रीय तनाव
तृतीय सोपान एवं निपुण टेस्टिंग कैंप का आगाज, स्काउट्स-गाइड्स करेंगे हुनर का प्रदर्शन
प्रदर्शन के बीच दिल्ली में सख्ती, इंटरनेट पर पाबंदी और मेट्रो सेवाएं प्रभावित
वकीलों की CJI से गुहार, पीएम आवास के पास प्रदर्शन पर जताई चिंता
फैन की दीवानगी देख हैरान हुईं काजल अग्रवाल, सालों बाद सुनाया दिलचस्प किस्सा
न्यूयॉर्क हमले की जांच तेज, नस्लीय नफरत से जुड़ा हो सकता है मामला
रेल यात्रियों को निशाना बनाने वाला बदमाश गिरफ्तार, जेवर और सामान बरामद
वैभव सूर्यवंशी ने अपने करियर की पहली फिफ्टी किसे डेडिकेट की? जानिए पूरी कहानी