मनगवॉ का मलकपुर तालाब सुदंर बनकर तैयार होगा व बाजार की सड़कें सुंदर चौड़ी होगी सिविल अस्पताल भी अस्तित्व में आएगा ।
मनगवां नि. प्र.
मध्यप्रदेश सरकार के डिप्टी सीएम राजेन्द्र शुक्ला रविवार को मनगवॉ पहुंचे, जहां उन्होंने छोटू महराज सिनेमाघर, रेस्टोरेंट एवं रेजिडेंसी का विधिवत उद्घाटन किया। उद्घाटन के बाद उन्होंने धुरंधर-2 थिएटर में फिल्म भी देखी और अवलोकन कर जायजा लिया। इस अवसर पर डिप्टी सीएम शुक्ला ने कहा कि मनगवॉ अब तेजी से बढ़ते क्रम में है। और यहां अब वे सभी सुविधाएं उपलब्ध होने लगी हैं, जो पहले बड़े शहरों तक सीमित थीं। उन्होंने कहा कि एक ही स्थान पर सिनेमाघर, रेस्टोरेंट और रेजिडेंसी जैसी सुविधाओं का मिलना क्षेत्र के लिए गौरव की बात है और इससे मनगवॉ को नई पहचान मिली है। पत्रकारों द्वारा मनगवॉ के सिविल अस्पताल के संचालन को लेकर पूछे गए सवाल पर डिप्टी सीएम ने कहा कि एक वर्ष पूर्व वर्चुअल उद्घाटन के बावजूद अस्पताल शुरू न होना गंभीर विषय है। उन्होंने आश्वस्त किया कि वे जल्द ही स्थानीय विधायक के साथ स्थल का निरीक्षण करेंगे और जो भी कमियां हैं, उन्हें दूर कर अस्पताल को नियमित रूप से संचालित कराया जाएगा।
वहीं, मनगवॉ के ऐतिहासिक मलकपुर तालाब के सौंदर्यीकरण और नहर का पानी भराए जाने के संबंध में उन्होंने बताया कि इस कार्य के लिए विधायक इंजीनियर नरेन्द्र प्रजापति सक्रिय रूप से प्रयासरत हैं और जल्द ही इसे पूर्ण कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि मलकपुर तालाब के कई क़िस्से व ऐतिहासिक महत्व है, इसे और आकर्षक बनाया जाएगा। इसके अलावा, डिप्टी सीएम ने मनगवॉ के पुराने हाईवे मुख्य बाजार की सड़क को चौड़ा और सुंदर बनाने की भी बात कही। उन्होंने कहा कि क्षेत्रीय विधायक लगातार विकास कार्यों को लेकर सजग हैं और मनगवॉ तेजी से प्रगति की दिशा में आगे बढ़ रहा है। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में मनगवॉ विधायक इंजीनियर नरेन्द्र प्रजापति एवं पूर्व प्रदेश मंत्री राजेश पांडेय उपस्थित रहे। इस दौरान जेएनसीटी कॉलेज रीवा के चेयरमैन डॉक्टर एस एस तिवारी, राकेश तिवारी, रमेश तिवारी, प्रियंका तिवारी, शरद चंद्र तिवारी, योगेंद्र दुबे, अरुणेंद्र मिश्रा, यादवेन्द्र गोस्वामी, डॉ विष्णुदेव कुशवाहा, जनपद सदस्य गणेश सिंह, एसडीएम संजय जैन, तहसीलदार आचल अग्रहरि, सीएमओ अनिलेश मिश्रा एवं थाना प्रभारी पुष्पेंद्र मिश्रा भी मौजूद रहे।