साधना एक्सप्रेस,भोपाल ।  स्वर्गीय एम.एम. खान साहब की स्मृति में एकदिवसीय जिला स्तरीय डायरेक्ट वॉलीबॉल प्रतियोगिता का भव्य एवं सफल आयोजन पुलिस रेडियो क्लब, दूरसंचार मुख्यालय, भोपाल में किया गया। प्रतियोगिता में झीलों की नगरी भोपाल की कुल 10 टीमों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की और खेल भावना का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता का शुभारंभ दक्षिण-पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के लोकप्रिय विधायक आदरणीय भगवान दास सबनानी, पुलिस रेडियो में पदस्थ डीआईजी रियाज इकबाल, डायरेक्ट वॉलीबॉल एसोसिएशन के मुख्य संरक्षक सुबोध श्रीवास्तव, राधेश्याम भार्गव, कैलाश तवानी, महासचिव रोहित सिंह, आनंद शुक्ला, सतीश, धर्मेंद्र, सचिन, आर.के. जोशी एवं अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी रमेश तिवारी द्वारा किया गया। फाइनल मुकाबला अत्यंत रोमांचक रहा, जिसमें महाराणा प्रताप क्लब ने नगर निगम भोपाल की टीम को कड़े संघर्ष में 21/19 एवं 21/20 से पराजित कर खिताब अपने नाम किया। प्रतियोगिता में पहली बार भाग ले रही नगर निगम भोपाल की टीम ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए दर्शकों, खिलाड़ियों एवं पदाधिकारियों की सराहना अर्जित की।

उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए नगर निगम भोपाल टीम के कप्तान रोहित सिंह को “हीरो ऑफ द टूर्नामेंट” के खिताब से सम्मानित किया गया, जबकि महाराणा प्रताप क्लब के खिलाड़ी संदीप फौगाट को “बेस्ट शूटर” पुरस्कार प्रदान किया गया। सफल आयोजन पर विधायक भगवान दास सबनानी, डीआईजी रियाज इकबाल, मुख्य संरक्षक सुबोध श्रीवास्तव, राधेश्याम भार्गव, अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी रमेश तिवारी, सुरेश जी, विक्रम अवॉर्ड से सम्मानित हेमलता एवं नगर निगम टीम की मैनेजर हिमांशी चौबे ने आयोजन समिति एवं सभी खिलाड़ियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। प्रतियोगिता ने भोपाल में वॉलीबॉल खेल को नई ऊर्जा प्रदान की और युवाओं में खेल के प्रति उत्साह को और मजबूत आयोजन के दौरान खिलाड़ियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला और दर्शकों ने हर मुकाबले का भरपूर आनंद लिया। कार्यक्रम का समापन पुरस्कार वितरण एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर किया गया। आयोजन समिति ने सभी अतिथियों, प्रतिभागी टीमों, रेफरी, तकनीकी स्टाफ एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया। प्रतियोगिता का सफल संचालन अनुशासन, खेल भावना और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ, जिसने स्वर्गीय एम.एम. खान साहब की स्मृति को सच्ची श्रद्धांजलि अर्पित की।