साधना एक्सप्रेस भोपाल। राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर राजधानी भोपाल के पॉलिटेक्निक चौराहे पर स्वामी विवेकानंद जी की जयंती श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। इस अवसर पर मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्री हेमंत खंडेलवाल, संगठन महामंत्री श्री हितानंद शर्मा , युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष श्याम टेलर सहित पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि स्वामी विवेकानंद के विचार आज भी युवाओं के लिए पथप्रदर्शक हैं। उन्होंने कहा कि स्वामी विवेकानंद ने युवाओं को आत्मविश्वास, राष्ट्रप्रेम और सेवा भाव का संदेश दिया। आज आवश्यकता है कि युवा उनके विचारों को आत्मसात कर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएं। मुख्यमंत्री ने युवाओं से आह्वान किया कि वे नशे और नकारात्मक प्रवृत्तियों से दूर रहकर शिक्षा, कौशल और संस्कार के माध्यम से स्वयं को सशक्त बनाएं। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री हेमंत खंडेलवाल ने अपने संबोधन में कहा कि स्वामी विवेकानंद  ने भारत की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक शक्ति को विश्व पटल पर स्थापित किया। उनके विचार ‘उठो, जागो और लक्ष्य प्राप्ति तक रुको मत’ आज के युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा संगठन स्वामी विवेकानंद के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। संगठन महामंत्री श्री हितानंद शर्मा ने कहा कि युवा शक्ति ही किसी भी राष्ट्र की असली पूंजी होती है। स्वामी विवेकानंद जी ने युवाओं को चरित्र निर्माण और अनुशासन का महत्व समझाया। उनके विचारों को अपनाकर ही एक सशक्त और आत्मनिर्भर भारत का निर्माण संभव है। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने भी स्वामी विवेकानंद जी के विचारों पर अपने विचार साझा किए। युवाओं ने संकल्प लिया कि वे राष्ट्र सेवा, सामाजिक समरसता और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ेंगे। आयोजन स्थल पर देशभक्ति और प्रेरणादायी वातावरण देखने को मिला। कार्यक्रम का समापन स्वामी विवेकानंद के विचारों को जीवन में अपनाने और युवा शक्ति को राष्ट्र निर्माण के लिए समर्पित करने के संकल्प के साथ हुआ।