साधना एक्सप्रेस रीवा।
रीवा शहर का गौरव कहलाने वाले गुलाब नगर तिराहा और समान तिराहा आज शहर की बदहाली की जीती-जागती तस्वीर बन चुके हैं। जहां कभी सुगम यातायात था, आज वहां गड्ढों का साम्राज्य फैल चुका है। रोजाना हजारों वाहन यहां से गुजरते हैं, लेकिन सड़क की ऐसी हालत है कि हर सफर अब जानलेवा साबित हो रहा है।

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि सीवेज लाइन और पाइपलाइन कार्य के बाद सड़कों को ज्यों का त्यों छोड़ दिया गया। किसी अधिकारी या ठेकेदार ने अब तक मरम्मत की सुध नहीं ली। बारिश में ये सड़कें तालाब बन जाती हैं, जिससे वाहन चालक गड्ढों में गिरकर घायल हो रहे हैं। इन दोनों तिराहों पर हर दिन किसी न किसी के दुर्घटनाग्रस्त होने की खबर सामने आ रही है।

लोगों का आरोप है कि नगर निगम और स्मार्ट सिटी प्रशासन केवल कागजों पर काम कर रहा है। अधिकारी और जनप्रतिनिधि रोज इसी रास्ते से गुजरते हैं, मगर टूटी सड़कों को देखकर भी मौन साधे हुए हैं। जनता पूछ रही है — “क्या किसी वीआईपी के हादसे का इंतजार है तब जाकर सड़कें सुधरेंगी?”

रीवा की जनता अब इस अनदेखी से भड़क चुकी है। नागरिकों ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द ही गुलाब नगर और समान तिराहे की मरम्मत नहीं की गई, तो वे सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन करेंगे।

जनता का सवाल:

> “क्या रीवा स्मार्ट सिटी केवल बोर्ड और भाषणों तक सीमित रह गई है?”
“अधिकारियों की आंखों के सामने तबाही कब तक झेलेगी जनता?”