साधना एक्सप्रेस रीवा बैकुंठपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम पटना में 2 जून 2025 को धर्मेंद्र धीरेंद्र मिश्रा के घर पर हुई चोरी की घटना ने पूरे गांव में आक्रोश का माहौल बना दिया है। चोरी की इस वारदात के बाद से ग्रामीणों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गहरी चिंता है। घटना के कई दिन बीत जाने के बाद भी जब ठोस कार्रवाई होती नहीं दिखी, तो लोगों ने इस प्रकरण को लेकर नागपुर में जनप्रतिनिधियों से गुहार लगाई।

जानकारी के अनुसार नागपुर में स्थानीय लोगों ने विधायक गिरीश गौतम का घेराव कर उनसे मामले में त्वरित हस्तक्षेप करने की मांग रखी। इस दौरान ग्रामीणों ने कहा कि लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से गांव के लोग भयभीत हैं और पुलिस प्रशासन की उदासीनता से असंतोष भी बढ़ रहा है।

ग्रामीणों ने बताया कि धर्मेंद्र धीरेंद्र मिश्रा के घर हुई चोरी में घर का काफी सामान और नकदी चोरी हो गई है। परिवार के लोग गहरे सदमे में हैं और अब तक आरोपियों का कोई सुराग नहीं मिला है। इसको लेकर ग्रामीणों ने कड़ी नाराजगी जाहिर की।ग्रामवासियों की पीड़ा और आक्रोश को देखते हुए गिरीश गौतम ने तुरंत गंभीरता दिखाई। उन्होंने मौके पर ही एसपी एवं एसडीओपी से फोन पर चर्चा कर मामले में तुरंत कार्रवाई करने के आदेश दिए। गिरीश गौतम ने कहा कि अपराधियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। ग्रामीणों ने उम्मीद जताई है कि अब मामले में शीघ्र ही कार्रवाई होगी और चोरी की इस वारदात में शामिल आरोपियों को गिरफ्तार कर सजा दिलाई जाएगी। वहीं, पुलिस प्रशासन पर भी दबाव है कि वे त्वरित कार्रवाई करके ग्रामीणों का भरोसा कायम करें।

इस घटना ने एक बार फिर सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं। लोग यह जानना चाहते हैं कि आखिर गांवों में बढ़ रही चोरी की घटनाओं पर अंकुश कब लगेगा। फिलहाल सभी की नजर पुलिस की कार्रवाई पर टिकी हुई है कि आखिर चोरी का खुलासा कब तक होता है और पीड़ित परिवार को न्याय कब मिलेगा।